साइबर एक्सपर्ट पर एफआईआर हो: चुनाव आयोग; भाजपा ने सिब्बल की भूमिका पर सवाल उठाए

नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को लेकर लंदन में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के मामले में दिल्ली पुलिस से एफआईआर दर्ज करने को कहा है। साथ ही आयोग ने पुलिस से कहा कि ईवीएम हैक का दावा करने वाले साइबर एक्सपर्ट सैयद शुजा के बयान की भी जांच हो। इससे पहले केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को कांग्रेस प्रायोजित बताया। प्रसाद ने कहा- कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल वहां पार्टी की ओर से पूरे कार्यक्रम की मॉनिटरिंग करने गए थे।

प्रसाद ने पूछा- कपिल सिब्बल वहां क्या कर रहे थे?
दरअसल, एक भारतीय साइबर एक्सपर्ट ने सोमवार को लंदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया था कि 2014 के लोकसभा चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के जरिए धांधली की गई थी। उसका दावा था कि अगर उसकी टीम ने हैकिंग की कोशिशें नहीं रोकी होतीं तो भाजपा राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश का विधानसभा चुनाव आसानी से जीत जाती। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस सांसद कपिल सिब्बल भी मौजूद थे। एक्सपर्ट ने कई दावे किए, लेकिन किसी भी दावे की पुष्टि के लिए वह सबूत नहीं दे पाया।

केंद्रीय मंत्री ने सवाल किया- कपिल सिब्बल वहां क्या कर रहे थे? किस हैसियत से वे वहां मौजूद थे? रविशंकर प्रसाद ने कहा, "सिब्बल पहले भी ऐसा करते रहे हैं। उन्होंने राम जन्मभूमि पर सुप्रीम कोर्ट में क्या-क्या बहस की, कांग्रेस ने खुद को इससे अलग नहीं किया। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के खिलाफ महाभियोग लाए। बाद में वापस हो गए।''

2014 में यूपीए सरकार थी तो हमने कैसे हैकिंग की- प्रसाद
प्रसाद ने कहा, "प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले कहा गया था कि इसमें ईवीएम को हैक करते हुए दिखाएंगे। लेकिन कोई सबूत नहीं दिया गया। 2014 में यूपीए सरकार थी। ईवीएम की तकनीकी देखने के लिए 2010 में कमेटी बनी थी। हम सरकार में नहीं थे। 10 साल कांग्रेस सत्ता में रही तो ईवीएम ठीक थी। 2007 में मायावती, 2012 में अखिलेश जीते, ममता दो बार जीतीं, केजरीवाल जीते, अमरिंदर पंजाब में जीते, केरल में कम्युनिस्ट जीते तो ईवीएम ठीक बताया जाता है। हम जीते तो खराब बताया गया। कांग्रेस 2019 लोकसभा चुनाव में मिलने वाली हार का अभी से बहाना ढूंढ रही है। ''

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "भारत के चुनाव आयोग और लोकतंत्र की दुनियाभर में चर्चा होती है। आज कई देश भारत के प्रयोग सीखना चाहते हैं। जो पार्टी 58 साल शासन कर चुकी है, वह इस तरह के आरोप लगा रही है। ये 2014 के जनमत का अपमान है।''

'शुजा का नाम कभी नहीं सुना'
जिस एक्सपर्ट ने ईवीएम हैक का दावा किया उसे लेकर रविशंकर प्रसाद ने कहा, "सैयद शुजा का नाम मैंने कभी नहीं सुना है। लंदन में कार्यक्रम को लेकर कहा गया था कि वह लंदन में ईवीएम को हैक करके दिखाएंगे। यह नाटक मुझे समझ नहीं आया है। वह विदेश की धरती से भारत के लोकतंत्र को बदनाम करने के लिए बकवास कर रहे हैं।

चुनाव आयोग ने एक्सपर्ट के दावे को नकारा
साइबर एक्सपर्ट के इस दावे को चुनाव आयोग ने नकार दिया है। आयोग ने कहा है कि ईवीएम ‘फुलप्रूफ’ हैं और हम गलत दावे करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के बारे में सोच रहे हैं।

Comments

Popular posts from this blog

Unerwarteter Ärger mit dem Eigenheim

意大利4824名医护确诊新冠肺炎 其中24名医生殉职

ज्यादा आक्रामक होने के सवाल पर भड़के कोहली, पत्रकार से कहा- अधूरी जानकारी लेकर क्यों आए, मैच रेफरी को तो कोई परेशानी नहीं हुई